जामताड़ा
झारखंड सरकार के मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को जामताड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता में गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पर तीखा हमला बोला। सुप्रीम कोर्ट को लेकर दुबे द्वारा की गई टिप्पणी पर नाराज़गी जताते हुए डॉ. अंसारी ने इसे "भारतीय लोकतंत्र पर सीधा प्रहार" बताया और सांसद की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की। डॉ. अंसारी ने कहा, "निशिकांत दुबे का बयान न केवल सुप्रीम कोर्ट की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि यह देश की लोकतांत्रिक बुनियाद को भी कमजोर करता है। भाजपा अब न्यायपालिका को भी अपनी कठपुतली बनाना चाहती है—यह बेहद खतरनाक संकेत है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जातिगत ज़हर फैलाकर संविधान और न्याय प्रणाली को बदनाम करने की साज़िश कर रही है। "यदि देश आज नहीं जागा, तो भाजपा कानून और व्यवस्था को भी खरीद लेगी," उन्होंने चेतावनी दी।
कांग्रेस नेता ने राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष से अपील की कि निशिकांत दुबे को संसद सदस्य पद से तत्काल बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
डॉ. अंसारी ने कहा कि "विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका—इन तीनों संवैधानिक स्तंभों में संतुलन बनाए रखना जरूरी है। अगर न्यायपालिका ही सुरक्षित नहीं रही, तो लोकतंत्र का कोई अर्थ नहीं बचेगा।"
इस मौके पर कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, वरिष्ठ नेता अजीत दुबे, विजय दुबे, नंदकिशोर सिंह, कराली चरण सरखेल, निशापति हांसदा, बीरबल अंसारी, हराधन भुई, शाहिद समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।